![]()
गोपालगंज में शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित जादोपुर मेन रोड के अंकिता होटल में पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस को होटल में देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों और हॉल से करीब 5-6 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस सभी को नगर थाने लाकर पूछताछ कर रही है। देह व्यापार की सूचना पर बनाई गई थी टीम एसडीपीओ कृपालचंद्र जयसवाल ने बताया कि अंकिता होटल में देह व्यापार की सूचना मिली थी। इसके सत्यापन और कार्रवाई के लिए नगर थाना इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल थीं। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में होटल में जांच और कार्रवाई की। कुछ युवक-युवतियां कमरे तो कुछ हॉल में मिले पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुछ युवक-युवतियां होटल के कमरों में मिले, जबकि कुछ हॉल में मौजूद थे। कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस ने कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर थाना लाया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी बालिग हैं। पूछताछ में किसी ने बताया- बर्थडे पार्टी के लिए आए थे पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए कुछ युवक-युवतियों ने पूछताछ में बताया कि वे बर्थडे पार्टी के लिए होटल आए थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कुछ लोग आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए हैं। सभी से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। मैनेजर पुलिस को देखकर फरार, स्टाफ से पूछताछ छापेमारी के दौरान होटल का मैनेजर पुलिस को देखकर फरार हो गया। पुलिस ने होटल के एक स्टाफ उपेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके अनुसार होटल अवधेश सिंह का है, जो विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं, मैनेजर का नाम धनंजय सिंह बताया गया है। मालिक, मैनेजर और स्टाफ पर भी कार्रवाई की तैयारी एसडीपीओ के अनुसार, युवक-युवतियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं होटल मालिक, मैनेजर और संबंधित स्टाफ के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। फरार मैनेजर समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम छापेमारी कर रही है। होटल में अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती पुलिस ने कहा कि शहर के किसी भी होटल में अवैध या अनैतिक गतिविधियां संचालित नहीं होने दी जाएंगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस होटल के रजिस्टर और एंट्री रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि होटल में पहले भी इस तरह की गतिविधियां संचालित होती थीं या नहीं।
गोपालगंज के अंकिता होटल में पुलिस की छापेमारी:5-6 युवक-युवतियां हिरासत में; कमरों से आपत्तिजनक सामान बरामद, मैनेजर फरार, मालिक-स्टाफ पर FIR की तैयारी

