खास बातें
Ayushman Card Apply Online at Home: गंभीर बीमारियों के इलाज में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की गाढ़ी कमाई पानी की तरह बह जाती है. आम जनता को इस भारी वित्तीय संकट और कर्ज के जाल से बचाने के लिए केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बनकर उभरी है. इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की गारंटी मिलती है.
अस्पतालों और जनसेवा केंद्र के चक्कर से मुक्ति
अधिकांश लोग आज भी इस उलझन में रहते हैं कि अस्पताल या जन सेवा केंद्र (CSC) के चक्कर काटे बिना इस योजना का ‘गोल्डन कार्ड’ कैसे हासिल किया जाए. आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने अपने आधिकारिक पोर्टल को अब इतना अपग्रेड और सरल कर दिया है कि कोई भी नागरिक अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप से घर बैठे मात्र 5 मिनट के भीतर अपना आयुष्मान कार्ड बना सकता है. उसे तुरंत पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में डाउनलोड भी कर सकता है.
बंगाल में 1.4 करोड़ परिवार आयुष्मान योजना से जुड़े
पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने भी राज्य के 1.4 करोड़ परिवारों को इस योजना से जोड़ दिया है. आप इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं. कैसे आप अपना आयुष्मान कार्ड घर बैठे बना सकते हैं, इसकी पूरी जानकारी हम आपको यहां देंगे.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
क्या आप इस 5 लाख वाली योजना के पात्र हैं? ऐसे करें जांच
ऑनलाइन आवेदन करने या कार्ड डाउनलोड करने से पहले आपका नाम सरकार की पात्रता सूची में होना अनिवार्य है. इसे जांचने का तरीका बेहद आसान है.
- सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में आयुष्मान योजना की आधिकारिक बेनिफिशियरी वेबसाइट (beneficiary.nha.gov.in) को ओपन करें.
- लॉगिन प्रक्रिया : होमपेज पर आपको 2 विकल्प दिखेंगे- Beneficiary और Operator. यहां आपको Beneficiary (लाभार्थी) विकल्प को चुनना होगा. इसके बाद अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और Verify पर क्लिक करें. आपके मोबाइल पर आये वन-टाइम पासवर्ड (OTP) और स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा कोड को भरकर Login बटन दबाएं.
- सर्च फिल्टर का उपयोग : लॉगिन होते ही एक नया डैशबोर्ड खुलेगा. यहां अपने राज्य (State), योजना का नाम (PMJAY), अपने जिले (District) का चयन करें. इसके बाद Search By वाले कॉलम में जाकर Aadhaar Number या Family ID (राशन कार्ड नंबर) का विकल्प चुनें और संबंधित नंबर दर्ज करके सर्च आइकन पर क्लिक करें.
स्टेप-बाय-स्टेप ऑनलाइन गाइड : ऐसे जनरेट होगा ‘गोल्डन कार्ड’
सर्च करते ही आपके स्क्रीन पर आपके पूरे परिवार के सदस्यों के नामों की सूची आ जायेगी. यहां आपको कार्ड बनाने की पूरी प्रक्रिया को बहुत सावधानी से पूरा करना होगा.
- स्टेटस चेक करें : यदि किसी सदस्य के नाम के आगे Not Generated या Action वाले कॉलम में पीले रंग का आइकन दिख रहा है, तो इसका मतलब है कि उनका कार्ड अभी तक नहीं बना है. आपको उसी Action कॉलम वाले आइकन पर क्लिक करना होगा.
- ई-केवाईसी (e-KYC) का चरण : कार्ड जनरेट करने के लिए ई-केवाईसी करना सबसे महत्वपूर्ण स्टेप है. स्क्रीन पर आपको आधार ओटीपी (Aadhaar OTP), फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन का विकल्प मिलेगा. घर बैठे मोबाइल से करने के लिए Aadhaar OTP का चयन करना बेस्ट ऑप्शन है.
- सत्यापन और फोटो मैच : जैसे ही आप आधार ओटीपी दर्ज करेंगे, आपके आधार कार्ड में दर्ज डेटा स्वचालित रूप से पोर्टल पर आ जायेगा. यहां सिस्टम आपके आधार कार्ड की फोटो और वर्तमान विवरण का मिलान (Matching Score) करेगा. यदि मैचिंग स्कोर 80 प्रतिशत से अधिक है, तो आपका आवेदन तुरंत मंजूर हो जाता है. यहां आपको अपना एक लाइव फोटो भी अपलोड करना होगा.
- अतिरिक्त विवरण भरें : इसके बाद आपको अपना मोबाइल नंबर, जन्म का वर्ष, मुखिया से आपका संबंध और अपने क्षेत्र का पिनकोड दर्ज करके Submit बटन पर क्लिक करना होगा.
कार्ड अप्रूव्ड होते ही घर बैठे ऐसे करें डाउनलोड
- आवेदन सबमिट होने के कुछ ही समय के भीतर (अधिकतर मामलों में तुरंत या कुछ घंटों में) आपका आयुष्मान कार्ड स्वीकृत हो जाता है.
- अप्रूवल मिलते ही सदस्य के नाम के आगे का स्टेटस हरे रंग में Approved दिखाने लगेगा. उसी के बगल में दिये गये Download Card के विकल्प पर क्लिक करें. एक बार फिर आपके आधार लिंक्ड मोबाइल पर ओटीपी आयेगा, जिसे दर्ज करते ही आपका डिजिटल आयुष्मान कार्ड स्क्रीन पर आ जायेगा. इसे पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में सुरक्षित सेव कर लें और प्रिंट निकालकर रख लें.
Ayushman Card Apply Online at Home: इन तकनीकी गलतियों से बचें
आवेदन करते समय ध्यान रखें कि आपका मोबाइल नंबर आपके आधार कार्ड से जरूर लिंक होना चाहिए, क्योंकि बिना आधार ओटीपी के घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकती. इसके अलावा, किसी भी फर्जी या अनधिकृत वेबसाइट पर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें. इसके लिए आपको कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है. इस कार्ड की मदद से आप देश के किसी भी सूचीबद्ध सरकारी या निजी अस्पताल में जाकर गंभीर से गंभीर बीमारी (जैसे कैंसर, हृदय रोग और न्यूरोसर्जरी) का पूरी तरह कैशलेस और मुफ्त इलाज पा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें
बंगाल में आज से लागू होगी ‘आयुष्मान भारत योजना’, 5 लाख का होगा मुफ्त इलाज
The post घर बैठे मिनटों में बनायें आयुष्मान कार्ड, 5 लाख तक का करा सकेंगे मुफ्त इलाज appeared first on Prabhat Khabar.

