![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में मेन रोड स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में बीती रात लाखों रुपए की चोरी हो गई। चोरों ने भवन की दूसरी मंजिल का वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और आईफोन, लैपटॉप सहित कई महंगे मोबाइल फोन चुरा लिए। वारदात के बाद चोर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार, चोर पहले भवन की दूसरी मंजिल तक पहुंचे। वहां से वेंटिलेटर तोड़कर वे अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वे ग्राउंड फ्लोर तक आए और लोहे की रॉड (सबल) की मदद से अंदर लगे ग्रिल का ताला तोड़कर शटर को क्षतिग्रस्त किया। फिर दुकान में रखे कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ किया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने अंदर सामान बिखरा हुआ पाया। कई महंगे आईफोन, लैपटॉप और मोबाइल फोन गायब थे। कर्मचारियों ने तत्काल दुकान संचालक आशीष पाड़िया को घटना की सूचना दी। पाड़िया मौके पर पहुंचे और चक्रधरपुर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चूंकि चोर डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं, पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़क किनारे लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। चोरी गए सामान का सटीक मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लाखों रुपये के आईफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी हुए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद शहर के व्यवसायियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


