![]()
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह गांव में शनिवार सुबह एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। मामूली विवाद के बाद पड़ोसी ने इस घटना को अंजाम दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, आरोपी बसंत भारती (पिता चरित्र भारती) रामदेव भारती के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर बसंत ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और रामदेव के बेटे पर कई वार किए। घायल युवक की बहन ने बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से उनके परिवार को धमकियां दे रहा था। सुबह जब बसंत ने हमला किया, तो परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। चाकू मारने के बाद आरोपी बसंत भारती मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में सीधे सदर थाना पहुंचा। घायल युवक की हालत इतनी नाजुक थी कि वह पूरी तरह खून से लथपथ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने तत्परता दिखाई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि मारपीट की घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी। पुलिस की टीमें आरोपी बसंत भारती की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।


