![]()
छपरा में आगामी धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से अनुमंडल पदाधिकारियों और सभी पुलिस उपाधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देश दिया गया कि धरना-प्रदर्शनों और जुलूसों के दौरान होने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर तैनात किए जाएंगे। साथ ही, दो ड्रोन की भी व्यवस्था की जाएगी ताकि पल-पल की गतिविधियों की निगरानी की जा सके। जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा उनके अंगरक्षकों के लिए हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और सरकारी आवासों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले और छपरा शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर आज शाम से अगले आदेश तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग सहित सभी वाहनों की सघन जांच होगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों से निर्धारित जुर्माना वसूला जाएगा। प्रशासन ने सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संचालकों का नाम और छात्रों का विवरण दर्ज करने को कहा गया है। साथ ही, छात्रों को किसी भी अनधिकृत या असामाजिक तत्वों से जुड़े जुलूस और प्रदर्शन में शामिल न होने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। थाना स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के कोचिंग संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी साझा करने को भी कहा गया है।

