![]()
भास्कर न्यूज|गोपालगंज आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कई मामलों में दूरभाष पर अधिकारियों से बात कर मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई।जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, सड़क संबंधी समस्याओं, राजस्व मामलों और आधार कार्ड से जुड़ी शिकायतों के रहे। कटेया प्रखंड के निवासी दीनानाथ साह ने सड़क से जुड़े विवाद का मामला जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। वहीं रंजू देवी ने भूमि विवाद के समाधान के लिए आवेदन दिया। कुचायकोट प्रखंड की संजना कुमारी ने आधार कार्ड से संबंधित समस्या से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों लोगों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण-पत्र, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए। समय-सीमा के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।


