![]()
गोपालगंज जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के गुलौरा गांव निवासी सुखलाल राम के बेटे विद्या राम, उनकी पत्नी श्रीमती देवी, बेटे रवि राम और बेटी रिकी कुमारी के रूप में हुई है। रोपनी के दौरान लाठी-डंडे से किया वार घायलों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब वे अपने खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियारों के साथ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पार्टी के लोगों ने जबरन उनके खेत की मेड़ तोड़ दी और पहले से रोपे गए धान के पौधों को बर्बाद कर दिया। वे उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन पर हमला कर दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


