Wednesday, October 21, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जमुई में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, ड्रिल मशीन व कारतूस जब्त

Jamui News: जमुई जिले में दुर्गा पूजा संपन्न होते ही पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. सिकंदरा थाना क्षेत्र के मिर्जा पाठकचक के पास नहर पार घने जंगलों में छिपाकर चलाई जा रही एक मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है.

इस गुप्त ठिकाने पर जब पुलिस की टीम ने रेड मारी तो वहां चल रहे काले कारोबार को देखकर हर कोई हैरान रह गया.

जंगल के सन्नाटे में बन रहे थे मौत के सामान

जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल को इलाके में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद पुलिस की विशेष टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी.

इसी दौरान पुलिस ने 20 अक्टूबर को जमुई थाना क्षेत्र के मिर्चा निवासी फकीरा पासवान के 25 वर्षीय पुत्र छोटू पासवान उर्फ टीनू कुमार को गिरफ्तार किया. सिकंदरा थाना कांड संख्या 283/2026 के तहत जब पुलिस कस्टडी में छोटू पासवान से सख्त पूछताछ शुरू हुई, तो उसने अपराध की दुनिया के कई चौंकाने वाले राज उगल दिए. उसी की निशानदेही पर पुलिस की टीम ने मिर्जा पाठकचक के पास नहर पार घने जंगलों में घेराबंदी कर छापेमारी की और इस मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया.

संचालक और सहयोगी भी दबोचे गए

जंगल के बीचों-बीच चल रहे इस अवैध कारखाने में जैसे ही पुलिस की टीम ने दबिश दी, वहां भगदड़ मच गई. हालांकि पुलिस की मुस्तैद टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से इस मिनी गन फैक्ट्री के कथित संचालक जमशेद अली उर्फ तौफीक मलिक और उसके मुख्य सहयोगी डब्लू कुमार को रंगे हाथों धर दबोचा.

पुलिस ने मौके से छोटू पासवान की निशानदेही पर इन दोनों शातिर अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया. यह गिरोह जंगल की आड़ में लंबे समय से अवैध हथियार तैयार कर आपराधिक गिरोहों को सप्लाई करने का काम कर रहा था. तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके के आपराधिक सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है और पुलिस अब उनसे इस धंधे के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है.

ड्रिल मशीन से लेकर मैगजीन फार्मा तक बरामद

पुलिस की इस छापेमारी के दौरान मौके से जो सामान बरामद हुआ है, वह यह साबित करने के लिए काफी है कि यहां बड़े पैमाने पर अत्याधुनिक तरीके से देशी पिस्तौल और हथियार बनाए जा रहे थे.

जब्त सामानों की सूची के अनुसार मौके से दो जिंदा कारतूस, एक भारी-भरकम ड्रिल मशीन, एक हैंड वाइस, एक मैगजीन फार्मा, 12 साइकिल फार्मा, पांच गोल रेतियां, एक मैगजीन स्प्रिंग, लोहे की चदरा के तीन टुकड़े, 12 हेक्सा ब्लेड, पांच वायरिंग स्प्रिंग और तीन अलग-अलग साइज की ड्रिल बिट समेत कई छोटे-बड़े औजार और उपकरण बरामद किए गए हैं. इन सभी मशीनों और औजारों का इस्तेमाल देशी तमंचे और पिस्तौल के पुर्जे ढालने व फिनिशिंग देने में किया जा रहा था.

Jamui News: इलाके में राहत और प्रशासनिक सख्ती

दुर्गा पूजा के तुरंत बाद सिकंदरा के जंगलों में मिनी गन फैक्ट्री के खुलासे से जहां आम लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं जमुई पुलिस अब इसके पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुट गई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर ये अवैध हथियार अपराधियों के हाथों में पहुंच जाते, तो त्योहारों के बाद इलाके में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ सकता था.

पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इस अवैध कारखाने को चलाने के लिए कच्चा माल कहां से आता था और यहां तैयार किए गए हथियारों की खेप किन-किन जिलों या आपराधिक गिरोहों को बेची जा रही थी. एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े तस्करों के नामों का खुलासा होगा.

Also Read: पप्पू यादव की बिगड़ी तबीयत, अचानक आने लगा चक्कर, गिरते-गिरते बचे सांसद

Also Read: बेगूसराय में जागरण के मंच पर दारोगा ने महिला डांसर को मारा थप्पड़, विरोध करने पर भीड़ पर तानी पिस्टल; VIDEO वायरल

The post जमुई में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, ड्रिल मशीन व कारतूस जब्त appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles