प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ट्रांसपोर्टरों से घूस लेने के मामले में 26 मार्च को रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में सीसीएल अधिकारी सहित चार के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की है। आरोपियों में सीसीएल के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, उनकी पत्नी पूनम देवी, उनके छोटे भाई गोपाल कुमार व एक निजी ट्रांसपोर्टर राहुल कुमार शामिल हैं। ईडी ने सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा रांची में दर्ज प्राथमिकी व उसके बाद 19 दिसंबर 2025 को दाखिल चार्जशीट के आधार पर इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज की थी। पूरा मामला सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक संजीव से संबंधित है। आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़का सयाल क्षेत्र में आने वाली कोयला खदानों से कोयला परिवहन में लगे निजी व्यक्तियों से अवैध तरीके से मौद्रिक लाभ प्राप्त किया। घूस के 5 लाख आरोपी की पत्नी के खाते में हुए जमा ईडी ने अनुसंधान में पाया कि संजीव ने निजी कोयला ट्रांसपोर्टर राहुल कुमार से पांच लाख रुपए घूस ली थी। घूस के पैसे रु संजीव की पत्नी पूनम देवी के खाते में जमा कराए गए थे। इसके बाद उस जमा राशि से 4 लाख संजीव के छोटे भाई गोपाल के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया। अब तक आरोपियों के निजी बैंक खातों में जमा 9.46 लाख अस्थायी रूप से जब्त किया गया है।

