![]()
देवघर के कुंडा थाना पुलिस ने डकैती की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई चांदीडीह-सरकंडा जंगल में की गई, जहां अपराधी डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस को 2 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि चांदीडीह रोड स्थित पुल के पास चांदीडीह-सरकंडा जंगल में छह अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दो अपराधियों को मौके से दबोच लिया। हालांकि, अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर चार अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान चांदीडीह बसमत्ता निवासी अविनाश साह (22) और कुरमाटांड़ निवासी अमर पासवान (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी डकैती की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भी डकैती, लूटपाट और छिनतई जैसी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लोहे का देसी कट्टा, 8 एमएम केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

