![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो रॉयल फुटबॉल क्लब की ओर से आयोजित 19वीं डीसी मेमोरियल आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को सेक्टर-8ए स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान रॉयल क्लब ने रोमांचक टाईब्रेकर में एसएससी संथालडीह सतनपुर को 3-0 गोल से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। रॉयल क्लब के अमन ने 11वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, एसएससी संथालडीह सतनपुर के लक्ष्मण किस्कू ने 24वें मिनट में शानदार गोल दागकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई और गोल नहीं हो सका, जिसके बाद मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ। इसमें रॉयल क्लब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-0 गोल से जीत दर्ज की। रॉयल क्लब के गोलकीपर देव मरांडी ने शानदार गोल कीपिंग का प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले मुख्य अतिथि बेहतर झारखंड के संस्थापक अध्यक्ष विवेक सिंह, गोपाल रस्तोगी व अनिल कुमार चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। संचालन मनोज कुमार महतो, मुरलीधर महतो, विनोद बोदरा एवं लक्ष्मण कुमार यादव ने किया। आयोजन सचिव अनिल कुमार के साथ रामवृक्ष मांझी, मदन हांसदा, शंभू कुमार, बीरू मुंडा, करीमन, बाबू समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।

