![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी कड़ी में कोडरमा में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यहां सांसद अन्नपूर्णा देवी के घर के पास पीएम नरेंद्र मोदी की एक मोजेक आर्ट तस्वीर बनाई जा रही है। गिरिडीह से आए कलाकारों ने करीब डेढ़ लाख दीये का इस्तेमाल कर यह तस्वीर तैयार की है। गिरिडीह के कलाकार सुमित गुंजन ने बताया कि कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने उन्हें पीएम मोदी के जन्मदिन के लिए कुछ खास बनाने को कहा था। 6 हजार वर्गफीट जमीन पर बनाई तस्वीर उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मिट्टी के दीये का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। सुमित ने यह काम अपनी टीम के साथ मिलकर शुरू किया। सुमित मंगलवार शाम को कोडरमा पहुंचे। उन्होंने एक स्कूल कैंपस में करीब 6 हजार वर्गफीट जमीन पर मिट्टी के दीये से पीएम मोदी की तस्वीर बनानी शुरू की। इस तस्वीर को बनाने में कुल 1 लाख 40 हजार दियों का इस्तेमाल किया गया। तस्वीर को खास बनाने के लिए 42 अलग-अलग रंगों का उपयोग किया गया है। इस काम में सुमित और उनकी टीम के 10 अन्य कलाकारों ने सहयोग किया, जो अलग-अलग जिलों से आए हैं। पूरी तस्वीर तैयार करने में उन्हें करीब 48 घंटे लगे। आज शाम दिखेगी झलक, प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे शामिल बताते चलें कि इस तस्वीर को आज शाम ड्रोन के माध्यम से उक्त मैदान में लगे अलग-अलग एलसीडी में दिखाया जाएगा। इसे देखने के लिए 1 हजार लोगों के बैठने की व्यस्वस्था की गई है। इस कार्यक्रम के लिए विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी शामिल होंगे। आकर्षण का केंद्र रहेगा मोजेक आर्ट से बनी PM की तस्वीर बताते चलें कि मोजेक आर्ट के माध्यम से तैयार की जा रही इस तस्वीर की हर तरफ चर्चा हो रही है। दीये से तैयार इस चित्र को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। आज शाम को यह कलाकृति आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।
डेढ़ लाख दीये से बनी पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर:केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की पहल पर 48 घंटे में तैयार हुई, प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे शामिल
