सोमवार को +2 राजकीय उच्च विद्यालय, कोलहंटा पटोरी परिसर में जिले के तीसरे केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन हुआ। भारी बारिश के बावजूद समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद हरि सहनी और सर्वेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग और चादर देकर स्वागत किया गया। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाला संस्थान है। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 की स्थापना से दरभंगा और आसपास के विद्यार्थियों को आधुनिक, संस्कारयुक्त और उत्कृष्ट शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, परिश्रम और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। पहले सिर्फ घोषणाएं होती थी कहा कि पहले केवल घोषणाएं और शिलान्यास होते थे, लेकिन अब योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 1200 करोड़ रुपए की लागत से लहेरियासराय-मुजफ्फरपुर रेल लाइन परियोजना पर कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि एसटीईटी परीक्षा में मैथिली विषय को शामिल कर लिया गया है, जिससे मैथिली शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा।
अंबेडकर आवासीय विद्यालय का निर्माण हो रहा
मंत्री मदन सहनी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खुलने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। रामपुर डीह में लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि हनुमाननगर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय भवन के निर्माण पर लगभग 31 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए 285 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है। यदि पटोरी में पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो दो करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक पार्क का निर्माण भी कराया जाएगा।
विधान पार्षद हरि सहनी एवं सर्वेश कुमार ने कहा कि इससे ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में हजारों छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप होगी पढ़ाई
विद्यालय के प्राचार्य ऋषि रमण ने अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए विद्यालय की भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके तहत शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान, नवाचार एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा 1 जुलाई से नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


