Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद के तेतुलमारी में फायरिंग, कोयला व्यवसायी गंभीर:पैसों के लेन-देन के विवाद में गोली मारने का संदेह, संदिग्ध लावारिस कार मिली


धनबाद के तेतुलमारी थाना क्षेत्र स्थित शक्ति चौक के पास बुधवार रात फायरिंग की घटना हुई। इसमें कतरास निचितपुर निवासी कोयला व्यवसायी मनीष कुमार सिंह को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली मनीष के सीने में लगी है। घटना के तुरंत बाद मनीष को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में चल रहा है। कार में पांच गोली लगने के निशान पाए गए इस बीच, घटना के कुछ देर बाद बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के लोहरबरवा स्थित जीटी रोड सर्विस लेन पर एक लावारिस कार मिली। कार में पांच गोली लगने के निशान पाए गए हैं, जिनमें चालक साइड के शीशे में दो और पीछे वाले शीशे में तीन निशान शामिल हैं। कार की सीट पर खून के धब्बे भी मिले हैं। बरवाअड्डा पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार जब्त कर ली। पुलिस को आशंका है कि यह कार शक्ति चौक पर हुई फायरिंग की घटना से संबंधित हो सकती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह घटना कोयला कारोबार में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद का नतीजा है। विवाद बढ़ने पर हुई फायरिंग की घटना जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष कतरास के निवासी हैं। वे पैसों के लेनदेन के लिए अलग-अलग वाहनों से शक्ति चौक के पास एक होटल पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर तेतुलमारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के समय मौजूद लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस बरामद कार के आधार पर वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।

Spread the love

Popular Articles