![]()
धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के घरों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। त्योहार के इस पावन अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के मस्तक पर तिलक लगाया। उनकी कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधा। आरती उतारकर उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने उन्हें कई तरह के आकर्षक उपहार और स्नेह-भेंट दी। मासूम बच्चों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे छोटे बच्चों ने भी बहनों से राखी बंधवाई। उन्होंने रक्षाबंधन के इस पावन पर्व को उमंग के साथ मनाया। दिनभर इलाकों में आत्मीयता और खुशियों का माहौल बना रहा।
धालभूमगढ़ में मना रक्षाबंधन का त्योहार, बहनों ने बांधी भाइयों के कलाई पर राखी
