![]()
नवादा में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 69 गैलन कच्ची स्प्रिट जब्त की है। यह खेप गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी। बरामद स्प्रिट की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस दौरान एक चारपहिया वाहन जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग के एएसआई दिलीप कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार की ओर एक वाहन में कच्ची स्प्रिट की बड़ी खेप लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर टीम ने गोविंदपुर जांच चौकी पर निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद, भूसे से लदे एक चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान, भूसे के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखे गए 69 गैलन कच्ची स्प्रिट बरामद हुई। तस्कर को नवादा फोरलेन तक पहुंचाना था खेप गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वाहन उसे झारखंड के तीसरी क्षेत्र में सौंपा गया था और उसे नवादा फोरलेन तक पहुंचाना था, जहां से कोई दूसरा व्यक्ति इसे आगे ले जाने वाला था। उत्पाद विभाग ने स्प्रिट और वाहन को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।


