![]()
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव गुरुवार को नालंदा पहुंचे। रेप के बाद सुसाइड करने वाली छात्रा के परिजनों से मिले। उन्हें ढांढस बंधाया, साथ ही परिवार को 25 हजार रुपए की आर्थिक मदद की। इस दौरान सांसद भावुक नजर आए। प्रशासन और राजनीतिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। सांसद ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि जिस समाज और क्षेत्र से बिहार के पूर्व सीएम आते हैं, वहीं की एक बेटी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। आरोपी खुलेआम घूम रहा है। उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। ऐसे अपराधियों का बहिष्कार करें, वरना भविष्य में बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। यौन उत्पीड़न के वीडियो और साक्ष्य मौजूद महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पप्पू यादव ने कहा कि उनका संघर्ष उन नेताओं के खिलाफ है जो महिलाओं पर ‘गिद्ध दृष्टि’ रखते हैं। कई बड़े नेताओं और जनप्रतनधियों के यौन उत्पीड़न के वीडियो और साक्ष्य मौजूद हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं होती। मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मैं हमेशा महिलाओं के मान-सम्मान में खड़ा रहा हूं। अगर मेरे किसी बयान से राजनीति में सक्रिय महिलाओं को ठेस पहुंची है तो वह उनसे क्षमा मांगते हैं, लेकिन उन भ्रष्ट नेताओं से नहीं जो बेटियों का शोषण करते हैं। संसद में मजबूती से उठाएंगे मुद्दा सांसद ने नीट परीक्षा के विवाद से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा का जिक्र करते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह इस बेटी को न्याय दिलाने के लिए जरूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। संसद सत्र शुरू होने पर इस आवाज को मजबूती से उठाएंगे। बेटियों के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील करते हुए कहा कि कम से कम अपने समाज और प्रदेश की बेटी मानकर इस परिवार को न्याय दिलाइए। उन्होंने संकल्प दोहराया कि देश की बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे। आखिरी दम तक संघर्ष जारी रखेंगे।

