![]()
पलामू में चैनपुर थाना क्षेत्र के लोहरसिमी गांव में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में पति मुनीफ अंसारी (62) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मतिमा बीबी (55) गंभीर रूप से घायल हो गईं। मतिमा बीबी का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है। परिजनों ने बताया कि मुनीफ अंसारी अपनी पत्नी मतिमा बीबी का इलाज कराने के लिए मोपेड पर सवार होकर मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मुनीफ अंसारी को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर ईंट भट्ठे का था। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।
