Saturday, May 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पाकुड़ में खेत में मिले दो लोगों के शव:जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी


पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सितेशनगर गांव में एक खेत से दो व्यक्तियों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान नूरुद्दीन शेख (55) और मोतीउर शेख (45) के रूप में हुई है, जो दोनों सितेशनगर गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है। शनिवार शाम को गांव के खेत में दो व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो दोनों मृत पाए गए। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों नियमित रूप से शराब का सेवन करते थे और अक्सर साथ में खेत की ओर शराब पीने जाते थे। शनिवार को भी वे दिन में करीब 11 बजे खेत की तरफ निकले थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अत्यधिक शराब पीने या नकली शराब के सेवन से उनकी मौत हुई होगी। कुछ ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शराब के साथ कुछ जहरीला पदार्थ खाने से भी मौत हो सकती है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह जहरीली शराब के सेवन या जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत का मामला लग रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मृतक मोतीउर शेख मजदूरी का काम करते थे, जबकि नूरुद्दीन शेख राजमिस्त्री थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles