Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पार्टी के चुनाव चिह्न पर निकाय चुनाव होता, तो गठबंधन का सूपड़ा साफ हो जाता : साहू


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने रविवार को दावा किया कि अगर पार्टियों के चुनाव चिह्न पर निकाय चुनाव हुआ होता, तो गठबंधन का सूपड़ा साफ हो जाता। प्रदेश भाजपा ने निकाय चुनाव में पार्टी विचार परिवार के 387 विजयी प्रत्याशियों को सम्मानित किया। समारोह में 3 मेयर, 6 नगर परिषद अध्यक्ष और 6 नगर पंचायत अध्यक्ष भी शामिल हुए। संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि पार्टी के विचारों, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं। गरीबों की झुग्गी-झोपड़ियों तक विकास की योजनाओं को ले जाएं और अपने-अपने नगर निकाय के नरेंद्र मोदी बनें। साहू ने कहा कि निकाय चुनाव भाजपा के संघर्षों और न्यायालय के दबाव का परिणाम है। राज्य सरकार चुनाव कराना ही नहीं चाहती थी। निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में हैं। विजय का सिलसिला थमना नहीं चाहिए। झारखंड में नया विहान लाना है। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के बल पर भाजपा के जीते हुए प्रत्याशियों को हराया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का राज्य सरकार के खिलाफ संघर्ष और तेज होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह और उज्ज्वल दास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, आरती कुजूर, दीपक बंका, हेमंत दास सहित कई प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे। मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष धीरज महतो ने दिया। सम्मान समारोह में धनबाद के मेयर संजीव सिंह और हजारीबाग के मेयर अरविंद राणा मौजूद नहीं थे। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा नेताओं ने इन दोनों की गिनती भी भाजपा खेमे में ही की थी। समारोह में रांची की मेयर रोशनी खलखो, मेदिनीनगर की मेयर अरुणा शंकर और आदित्यपुर के मेयर संजय सरदार समेत लोहरदगा, गुमला, मिहिजाम और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष, खूंटी, लातेहार, डोमचांच, जामताड़ा और महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित 387 पार्षद शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि निकाय चुनाव के विजयी प्रतिनिधि गवर्नेंस का नया मॉडल खड़ा करें। विकास को तेजी से धरातल पर उतारें और नया कीर्तिमान स्थापित करें। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना हम सबका लक्ष्य है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि गुमला, लोहरदगा और खूंटी जैसे क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी के मजबूत जनाधार का परिणाम है। कार्यकर्ताओं के प्रयास से यह सुखद परिणाम मिला है। राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम हेमंत सरकार पर बड़ी चोट हैं। नगरीय क्षेत्र की जनता ने राज्य सरकार को करारा जवाब दिया है। जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में खड़ी रही। राज्य सरकार ने डर के कारण दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराया। देश भर में मेयर का चुनाव दलीय आधार पर होता है, लेकिन झारखंड में सरकार हिम्मत नहीं जुटा पाई। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में अगली सरकार भाजपा की बनेगी। हेमंत सरकार से जनता परेशान हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles