![]()
रांची के पिस्का मोड़ में रविवार सुबह करीब 4.45 बजे पशु लदा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। आसपास के लोग ड्राइवर को बचाने के लिए दौड़े तो पता चला कि वाहन में पशु लदे हैं। लोगों ने पूछताछ शुरू की तो ड्राइवर-खलासी भाग गए। फिर स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे पशुओं को बाहर निकाला। पशु तस्करी की जानकारी मिलते ही युवकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और पिकअप वैन में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। स्थिति को सभाला। पुलिस ने वैन में लगी आग बुझाई, लेकिन तब तक वैन जल चुकी थी। पुलिस ने चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी निकाली। इस मामले में पंडरा ओपी में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें पशु तस्करी के आरोप में 3 और आगजनी के आरोप में 6 लोग शामिल हैं। रफ्तार बनी हादसे की वजह पुलिस के अनुसार, पिकअप वैन में पशु तस्कर पंडरा की ओर जा रहे थे। चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। पिस्का मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप पलट गई। दो गाड़ियां मौके से फरार वैन में आग लगाने के आरोप में पकड़े गए 6 लोगों से पंडरा ओपी में दिनभर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि एक गाड़ी पलटने के बाद तस्कर दो अन्य गाड़ियां लेकर भाग गए। पुलिस अब उन दोनों गाड़ियों और तस्करों का पता लगा रही है।
पिस्का मोड़ में रविवार सुबह 4.45 बजे हादसा, ड्राइवर-खलासी फरार:रांची में पशु लदा पिकअप पलटा, भीड़ ने वैन फूंकी; 3 तस्कर सहित 9 गिरफ्तार
