![]()
भास्कर न्यूज | दुमका गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को दुमका में भाजपा जिला कार्यालय की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार और झामुमो पर तीखा हमला बोला। केंद्र के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध में 19 सितंबर को झामुमो के धरने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को झारखंड से कोयला बंद कर देना चाहिए, भारत सरकार को इसकी कोई जरूरत नहीं है। असली मुद्दा कोयले की चोरी रोकने का है। आने वाले समय में कोयले पर निर्भरता घटेगी, इसलिए जनता को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने टावर चौक के समीप आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। दुमका में सोरेन परिवार के लंबे राजनीतिक वर्चस्व पर सवाल उठाते हुए सांसद ने पूछा कि यहां ऐसा कौन सा बड़ा विकास कार्य हुआ जिसे मॉडल के रूप में पेश किया जा सके। राजनीति का आधार जनता के बीच किए गए काम होने चाहिए और नेतृत्व को इसका ब्योरा सामने रखना चाहिए। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की जीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। दुमका और गोड्डा की सड़कों की तुलना करते हुए कहा कि दुमका की सड़कें बदहाल हैं, जबकि गोड्डा में प्रवेश करते ही बेहतर सड़कों का फर्क साफ नजर आता है। दुमका से दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल, मृणाल मिश्रा, जयप्रकाश मंडल, मनोज साह, सुरेश मुर्मू, सीताराम पाठक, बिमल मरांडी उपस्थित थे। SIR प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आरोप, जांच की मांग मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सांसद ने राज्य सरकार पर प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। सांसद ने मामले में सचिव और रांची के उपायुक्त की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को झारखंड से बाहर रखा जाए।
राज्य सरकार झारखंड से कोयला बंद कर दे, केंद्र को जरूरत नहीं : निशिकांत दुबे
