बोकारो | झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज बोकारो के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी बालकृष्ण कुमार मुरारी रविवार की सुबह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह 6 बजे स्वास्थ्य लाभ के उद्देश्य से जोधाडीह मोड़ स्थित रामरुद्र विद्यालय तक पैदल टहलने गए थे। लौटने के दौरान नीलम नर्सिंग होम के सामने एक बाइक (जेएच09बीएम-6990) सवार ने उन्हें टक्कर मार दिया। बाइक विक्की कुमार नामक युवक चला रहा था। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए, जिससे उनका बायां हाथ टूट गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उठाकर प्राथमिक उपचार के लिए नीलम नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया। वर्तमान में सदर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पेंशनर्स कल्याण समाज के सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

