![]()
नवादा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र से प्रेग्नेंसी और ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास, सब्जी मंडी और फौदी साव गली स्थित एसबीआई एटीएम के पास की गई। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास से मोहित कुमार को दो एंड्रॉयड मोबाइल, ठगी के रुपये और एक एटीएम कार्ड के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि वे बच्चा नहीं होने वाली महिलाओं को प्रेग्नेंसी कराने और दवा उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। प्रोसेसिंग फीस 10 से 15 हजार रुपये मोहित सोशल मीडिया से मोबाइल नंबर हासिल कर महिलाओं को फोन करता था। खुद को डॉक्टर या अन्य स्टाफ बताकर विश्वास में लेने के बाद आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और ई-मेल आईडी जैसी जानकारी मांगता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 10 से 15 हजार रुपये ठगे जाते थे। इसी अभियान के तहत सब्जी मंडी से पिन्दु कुमार और फौदी साव गली से रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देते थे। फाइनेंस कंपनियों के नाम का इस्तेमाल वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर खुद को बैंक मैनेजर या कर्मचारी बताते थे। लोन स्वीकृत कराने के बहाने वे लोगों से दस्तावेज और प्रोसेसिंग फीस की मांग करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित कुमार, पिन्दु कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं। पुलिस ने कुल पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, 16,500 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड और ग्राहक डेटा बरामद किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
