![]()
सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मीपुर भासर गांव में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान हादसा हो गया। जनरेटर में बाल फंसने से 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसके सिर की खाल उधड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। लंबे बाल अचानक मशीन में फंस गए घायल बच्ची की पहचान लक्ष्मीपुर भासर गांव निवासी उपेंद्र साह की पुत्री रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रिमझिम गांव में आयोजित शादी समारोह में आम-महुआ ब्याहने की रस्म देखने गई थी। काफी देर तक खड़े रहने के कारण उसे थकान महसूस हुई। थकान के बाद रिमझिम पास में खड़ी जनरेटर वाली ठेला गाड़ी पर बैठ गई। जनरेटर चालू था और इसी दौरान उसके लंबे बाल अचानक मशीन में फंस गए। इस घटना में उसके सिर की खाल बुरी तरह उधड़ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।


