![]()
बसिया थाना क्षेत्र के घुनसेरा सूरज टोली गांव में मंगलवार की रात जहरीले सांप के डसने से 40 वर्षीय जितनी देवी पति बालकृष्ण साहू की मौत हो गई। वहीं सर्पदंश से घायल उनके 17 वर्षीय बेटे सोनू कुमार साहू का इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है। परिजन के अनुसार, सांप के डसने के बाद पहले जड़ी-बूटी से इलाज कराया गया। हालत बिगड़ने पर मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह चिकित्सकों ने जितनी देवी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जितनी देवी और उनका बेटा सोनू घर में जमीन पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जितनी देवी की जांघ के पास जहरीले सांप ने डस लिया। उस समय उन्हें सांप के डसने का पता नहीं चला। करीब आधे घंटे बाद उसी सांप ने सोनू के हाथ में भी डस लिया। सोनू के चिल्लाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद गांव में चर्चा है कि सर्पदंश के तुरंत बाद अस्पताल ले जाने के बजाय घरेलू उपचार में समय बीत गया। ग्रामीणों का कहना है कि सांप के डसने के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया जाता तो महिला की जान बचने की संभावना हो सकती थी। गुमला जिले में मार्च से अगस्त 2026 के बीच सांप के डसने (सर्पदंश) से लगभग 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से अधिक मामले सामने आए हैं। परिजन ने बताया कि जितनी देवी की हालत उस समय सामान्य लग रही थी। उनके पति बालकृष्ण साहू ने उन्हें जड़ी-बूटी पिलाई। इसके बाद कुछ देर तक उन्हें राहत महसूस हुई। लेकिन तड़के करीब 3 बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन दोनों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मां-बेटे को सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर बुधवार सुबह चिकित्सकों ने जितनी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सोनू का इलाज जारी है।
बसिया में मां-बेटे को जहरीले सांप ने डसा, मां की मौत जड़ी-बूटी के इलाज में बीता समय, नहीं बच सकी जान
