![]()
चतरा जिले के इटखोरी में एक स्वर्ण व्यवसायी की बाइक की डिक्की से करीब 60 लाख रुपए के जेवरात चोरी हो गए। यह घटना रविवार रात 8 बजे इटखोरी मुख्य बाजार में हुई, जहां उचक्कों ने महज दो मिनट में वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित व्यवसायी का नाम दिलीप सोनी है, जो आशा ज्वेलर्स के संचालक हैं। उनकी दुकान की छत एस्बेस्टस की होने के कारण, वे सुरक्षा कारणों से प्रतिदिन कीमती जेवरात घर ले जाते थे। बकाया पैसे मांगने के लिए रुके थे
बीती रात दुकान बंद कर घर लौटते समय, दिलीप सोनी कलाली रोड पर बकाया पैसे मांगने के लिए रुके थे। दिलीप सोनी ने बताया कि इसी दौरान घात लगाए उचक्कों ने डिक्की का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे लगभग 400 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी लेकर फरार हो गए। पास में लगे सीसीटीवी में बदमाशों के बाइक द्वारा मौके पर आने और फिर भागने की तस्वीरें कैद हो गई है। थाना से महज 1 किलोमीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। इधर, लाखों की इस चोरी के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर छापेमारी कर रही है। दो दिन पहले 48 हजार रुपए छीन लिए
महज दो दिन पहले ही थाना से सिर्फ 100 मीटर दूर एरकी निवासी महिला से 48 हजार रुपए छीन लिए गए थे। इससे पहले अक्टूबर 2025 में गोलकाबर एसबीआई सीएसपी में हथियारबंद लूट और मई 2026 में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी हो चुकी है।

