![]()
मुजफ्फरपुर के बोचहां प्रखंड में शारदीय नवरात्र के बारहवें दिन गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा की सभी प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हो गया। इसके साथ ही दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन हुआ। मां दुर्गा को विदाई देने के दौरान श्रद्धालुओं और भक्तों की आंखें नम हो गईं। गाजे-बाजे, भक्तिमय गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विभिन्न नदी घाटों, पोखर, तालाब सहित अन्य जलाशयों में विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ विसर्जित किया। विसर्जन को लेकर सुबह से ही पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पूजा पंडालों और मंदिरों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ जुलूस निकाला गया। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मां दुर्गा को विदाई देते हुए भक्तों ने अगले वर्ष फिर से आने की कामना की। विसर्जन स्थलों पर तैनात रही पुलिस प्रशासन की टीम बोचहां प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। बोचहां थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा, गरहां थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष पंकज कुमार तथा हथौड़ी थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल और ग्रामीण पुलिस की देखरेख में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। बूढ़ी गंडक और बागमती नदी सहित विभिन्न घाटों एवं जलाशयों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पुलिस प्रशासन की निगरानी में विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही क्षेत्र में शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन हो गया।
बोचहां में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विसर्जित:नम आंखों से विदाई, विभिन्न घाटों और जलाशयों में विसर्जन, पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा
