![]()
भागलपुर. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की भागलपुर नगर इकाई की ओर से भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, दीप प्रज्वलित कर वातावरण को भक्तिमय बनाया गया और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक तरीके से सजावट की गई थी, जिससे पूरे माहौल में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गरिमा झलक रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद सभी ने भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम त्याग, तपस्या, शौर्य और धर्म के प्रतीक हैं। वर्तमान समय में युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एबीवीपी हमेशा युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रहित के काम के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित सदस्य आशुतोष सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का जीवन संघर्ष और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं, जिला संयोजक सूर्य प्रताप ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किशन सोनी, हर्ष मिश्रा, आदित्य राज, अभिजीत, खुशी कुमारी, चुनमुन, दिव्यांशु, अनमोल, हिमांशु, उत्सव, आशीष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने युवाओं के बीच धार्मिक और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।


