
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सिंडिकेट, कट मनी और वसूली की संस्कृति को खत्म करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रुख और सख्त हो गया है. प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पंचायत मंत्री दिलीप घोष की चेतावनी के बाद अब राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है. सोमवार को अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है. पार्टी और सरकार उगाही या भ्रष्टाचार के किसी भी आरोपी को संरक्षण नहीं देगी. उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
हमने किसी को वॉशिंग मशीन में नहीं धोया : पॉल
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि उगाही का मुद्दा रातोंरात खत्म नहीं हो सकता. हमने पार्टी में शामिल करने से पहले सभी को डिटर्जेंट या वॉशिंग मशीन में नहीं धोया है. वे भी इंसान हैं. अब जब हम सरकार में आये हैं, तो कुछ लोग सोच सकते हैं कि वे इस गलत रास्ते से पैसा कमा सकते हैं. लेकिन हमारे प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों ने इसके खिलाफ बहुत सख्त संदेश दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि कार्रवाई शुरू हो चुकी है. कई लोग पार्टी से निकाले जा चुके हैं.
ये भी पढ़ें: दिलीप घोष बोले- विधायकों पर चढ़ रहा सत्ता का नशा, सिंडिकेट और वसूली संस्कृति से रहें दूर
‘हम पिछली सरकार की तरह 70:30 का खेल नहीं खेलते’
ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासनकाल की ओर इशारा करते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा- हम पिछली सरकार जैसे बिल्कुल नहीं हैं. ऐसा नहीं है कि हम सार्वजनिक रूप से कुछ और बोलें और अंदरखाने लोगों से वसूली जारी रखने या 70:30 के अनुपात में कमाई बांटने को कहें. भाजपा जो कहती है, वही करती है.
भाजपा सरकार ने जारी किये हैं 4 हेल्पलाइन
उन्होंने जनता से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति या कार्यकर्ता आपसे पैसे की मांग करता है, तो तुरंत सरकार को सूचित करें. राज्य सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा और गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए 4 विशेष हेल्पलाइन शुरू की है.
The post भाजपा कार्यकर्ताओं को अग्निमित्रा पॉल की चेतावनी- वसूली की, तो पार्टी करेगी कार्रवाई appeared first on Prabhat Khabar.
