![]()
जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र स्थित धरहरा गांव में सोमवार शाम एक दस वर्षीय बालक की पोखर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धरहरा गांव निवासी नंद यादव के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सौरभ मवेशी चराने के लिए गांव से पश्चिम पोखर की तरफ गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पानी से निकालकर घोसी पीएचसी ले गए
ग्रामीणों ने परिजनों को सौरभ के डूबने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल बच्चे को पानी से निकालकर घोसी पीएचसी ले गए। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सौरभ की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोखर के किनारे न जाने की हिदायत दे रहे हैं
लगातार बारिश के कारण इन दिनों तालाब और पोखर पानी से लबालब भरे हुए हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग बच्चों को तालाब एवं पोखर के किनारे न जाने की हिदायत दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बच्चे लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके कारण ऐसी घटनाएं घट रही हैं।

