![]()
किशनगंज में एक वृद्ध महिला की मौत के बाद परिजन ने शहर के पश्चिम पल्ली स्थित जेड. ए. नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने पर महिला को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने उनका उचित इलाज नहीं किया। जब महिला की हालत अधिक बिगड़ गई, तो उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की पहचान पोठिया प्रखंड के चेचुआ बाड़ी निवासी मलिका खातून के रूप में हुई है। नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की मांग परिजनों ने बताया कि इस नर्सिंग होम का संचालन सदर अस्पताल के डीएस डॉक्टर अनवर हुसैन करते हैं। उन्होंने नर्सिंग होम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हंगामे की सूचना पर पहुंची टाउन थाना पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया। इस संबंध में नर्सिंग होम संचालक की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


