![]()
आर्ट ऑफ लिविंग बोकारो चैप्टर की ओर से गुरुवार को सेक्टर-4 स्थित आर्ट ऑफ लिविंग योग सेंटर का उद्घाटन उपायुक्त अजय नाथ झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बेंगलुरु आश्रम से आए ब्रह्मचारी योगीराज ने लोगों को योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। शुरुआत धन्वी जिंदल की ओर से उपायुक्त का आरती एवं तिलक लगाकर स्वागत करने से हुई। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त झा ने कहा कि आज के तनावपूर्ण एवं भागदौड़ भरे जीवन में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। योग अब केवल आसनों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवनशैली बन चुका है, जो शरीर, मन और भावनाओं के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव, एकाग्रता की कमी और मानसिक असंतुलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि योग, प्राणायाम और ध्यान से एकाग्रता में वृद्धि होती है तथा बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। संस्था के प्रवक्ता संजय सोनी ने कहा कि गुरुदेव के आशीर्वाद से संगठन के प्रशिक्षक योग के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखा रहे हैं। संचालन करते हुए शिक्षक बिनोद कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। बताया कि योग सेंटर में निशुल्क काउंसलिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे आम लोगों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मुकेश कुमार राय ने उपायुक्त को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रितु जिंदल, रेखा चौधरी, ऋतिका शुक्ला, वर्षा सिन्हा, डब्बू कुमार, गोदावरी, सिमी मोहंती, निताशी, शिव कुमार जिंदल, दीपमाला सहित आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

