![]()
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं। रांची में अहले सुबह बारिश हुई। बोकारो में हल्के दर्जे की बारिश का दौर जारी है। गोड्डा, पाकुड़, चाईबासा आदि इलाकों में भी घने काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। बारिश के बाद की तस्वीरें देखें… देर रात तक होती रही रुक-रुक कर बारिश इधर, सोमवार को राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। रांची में तीन मिमी, जगन्नाथपुर में 13 मिमी, जमशेदपुर में चार मिमी, खूंटी में पांच मिमी, देवघर में दो मिमी, कोडरमा में सात मिमी और हजारीबाग में दो मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। देर रात भी कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बीते 24 घंटे में हजारीबाग में 139.2 मिमी, कांके में 80.2 मिमी, लोहरदगा में 112 मिमी और जामताड़ा में 56 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दो साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ से जुड़ा एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन रोहतक, हरदौल, वाराणसी, मेदिनीनगर, पुरूलिया और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। वहीं दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर झारखंड और बिहार से गुजरते हुए त्रिपुरा और बंगाल की दिशा में सक्रिय है। इसी वजह से बारिश का दौर जारी है। इसके बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। एक जून से 20 जुलाई तक झारखंड में 319.8 मिमी के मुकाबले 261.4 मिमी वर्षा हुई है। यह सामान्य से 33 प्रतिशत कम है। रांची में भी 406.4 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 331.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। यह 19 प्रतिशत कम है। 13 जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना आज झारखंड के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, देवघर, दुमका और हजारीबाग में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में वज्रपात का खतरा अधिक है। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर किसानों और खुले मैदान में काम करने वालों को सतर्क रहने और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। कहीं सुहावना मौसम, कहीं उमस बारिश और ठंडी हवाओं के कारण रांची, नेतरहाट, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मौसम सुहावना रहने की संभावना है। जहां अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में अपेक्षाकृत अधिक गर्मी और उमस महसूस होगी। जहां तापमान 33 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 27 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते एयर क्वालिटी भी बेहतर रहने की संभावना है। रांची का AQI 35-50, जमशेदपुर का 45-60, धनबाद का 55-70 और बोकारो का 45-60 रहने का अनुमान है। बता दें कि 20 जुलाई को भी रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह और रामगढ़ समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी, जिससे मौसम ठंडा और राहतभरा हो गया था।

