![]()
फुसरो नगर क्षेत्र और गांधीनगर थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध कोयला तस्करी का नया तरीका सामने आया है। तस्करों ने अब पुराने स्कूटर और बाइक को कोयला ढुलाई का साधन बना लिया है। रात के अंधेरे में ये वाहन भारी मात्रा में कोयला लोड कर बालीडीह स्थित बियाडा के बंद पड़े प्लांट और कुछ चालू प्लांटों तक पहुंचा रहे हैं। यहां से जाली पेपर बनाकर ट्रकों से बाहर कोयला भेजा जाता है। जानकारी के अनुसार तस्कर बड़े-बड़े बोरे में कोयला भरकर स्कूटर और बाइक में दोनों ओर लटका लेते हैं, जिससे वाहन असंतुलित हो जाता है। कम रोशनी और ओवरलोडिंग के कारण ये वाहन सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को स्पष्ट दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सामने से आने वाली चारपहिया वाहनों की तेज रोशनी से बाइक चालकों की आंखें चौंधिया जाती है। ऐसी स्थिति में कोयला लदा स्कूटर और बाइक अचानक सामने आ जाती है, जिससे टक्कर का खतरा रहता है। साथ ही कई बार सड़क जाम भी होता है। लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। अवैध कोयला लदे बाइक से एक की हो चुकी है मौत नावाडीह क्षेत्र में पिछले दिनों अवैध कोयला ढो रही बाइक से हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार की खतरनाक सच्चाई को उजागर कर दिया है। रात के समय अवैध कोयला लदक बाइक तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर एक राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। संकरी गलियों व कच्चे रास्तों का करते हैं उपयोग सूत्रों के अनुसार यह अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित हो रहा है, जिसमें कई स्थानों से कोयला चोरी कर अलग-अलग रूट के जरिए पहुंचाया जा रहा है। स्कूटर और बाइक का उपयोग इसलिए बढ़ा है, क्योंकि ये संकरी गलियों और कच्चे रास्तों से आसानी से निकल जाते हैं और पुलिस की नजर से बचना भी आसान होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध तस्करी पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। कोयला तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद तस्कर नए तरीके अपनाकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। सटीक जानकारी मिलते ही की जाएगी कार्रवाई – वशिष्ठ नारायण सिंह, एसडीपीओ, बेरमो। स्कूटर से अवैध कोयला बालीडीह की ओर ले जाता तस्कर।

