रांची|राष्ट्रीय सरस मेला 2026 में झारखंड की ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भरता का परचम लहराया है। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में मेले में राज्य की ओर से कुल 14 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और ग्रामीण उद्यमों द्वारा तैयार पारंपरिक व विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय पटल पर प्रदर्शित किया गया। इन स्टॉलों में विशेष रूप से शामिल ‘दीदी कैफे’ ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। मेले के दौरान झारखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को राष्ट्रपति का स्वागत करने का गौरव प्राप्त हुआ। इसके साथ ही महिलाओं ने ‘लंच विद लखपति दीदी’ पहल में सक्रिय रूप से भाग लेकर ग्रामीण स्तर पर आ रहे आर्थिक बदलाव की प्रेरक कहानी साझा की। बता दें कि राष्ट्रीय सरस मेला 2026 का आयोजन 13 से 31 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित पुन्नमी घाट पर किया जा रहा है।
