![]()
गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महतोडीह में रविवार देर शाम बिजली विभाग के एक केजुअल कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मटरूखा पंचायत निवासी सरयू पंडित (46) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 18 वर्षों से डांडीडीह पावर हाउस में केजुअल वर्कर के तौर पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम करीब सात बजे सरयू पंडित महतोडीह में एक ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। बताया गया है कि काम शुरू करने से पहले विभाग से शटडाउन लिया गया था। गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े आरोप है कि कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन मृतक के घर में उनकी भतीजी की शादी का कार्यक्रम भी था और पूरा परिवार तैयारियों में जुटा था। सरयू पंडित अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप घटना के बाद मटरूखा पंचायत के मुखिया रविंद्र कुमार ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शटडाउन रहने के बावजूद बिना सूचना के लाइन चालू कर दी गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इधर, परिजनों ने भी बिजली विभाग से उचित मुआवजा, आश्रित को नौकरी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पुलिस एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

