![]()
सीतामढ़ी के चोरौत थाना क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक द्वारा धारदार हथियार से अपना गला काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान चोरौत उत्तरी पंचायत के वार्ड 1 निवासी अमरेश कुमार ठाकुर के पुत्र रीतेश कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद रीतेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। उपचार के लिए साथ आए लोगों ने बताया कि युवक शराब के नशे में था। इसी दौरान परिवार के सदस्यों द्वारा शराब न पीने की बात कहने पर वह आवेश में आ गया और उसने धारदार हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि युवक के गले में गंभीर जख्म है, जिसके चलते उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

