![]()
बेगूसराय सदर के शाहपुर ग्राम पंचायत स्थित बेसिक स्कूल परिसर में मंगलवार को बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन नगर आयुक्त सोमेश नाथ माथुर, बीडीओ रवि शंकर प्रसाद, मुखिया महेश राय, मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद अहसन और जिला परिषद प्रतिनिधि राम विनय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। शिविर में बीपीआरओ पूजा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रीति कुमारी, पुलिस निरीक्षक और प्रखंड समन्वयक सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, कृषि और राजस्व संबंधी आवेदन जमा किए। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया और पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर मुखिया महेश राय ने सभी अतिथियों और अधिकारियों को माला, बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने इस सहयोग शिविर को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक सफल और महत्वपूर्ण पहल बताया।

