Thursday, September 3, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

शिवदयाल सिंह की 21वीं पुण्यतिथि पर चिकित्सा शिविर:औरंगाबाद में सैकड़ों मरीजों की जांच, 25 लोगों ने किया रक्तदान, एसपी ने बांटे अंगवस्त्र


औरंगाबाद शहर के टिकरी रोड स्थित एसडी हॉस्पिटल परिसर में समाजसेवी शिवदयाल सिंह की 21वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। पुण्यतिथि के अवसर पर निशुल्क चिकित्सा जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षक धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने किया। पुण्यतिथि पर आयोजित चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में सैकड़ों मरीजों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाया। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। एसपी ने मरीजों का जाना हाल, बांटे अंगवस्त्र
शिविर में पहुंचे पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों के बीच अंगवस्त्र का वितरण भी किया। इस दौरान उन्होंने समाजसेवी शिवदयाल सिंह के सामाजिक कार्यों को याद करते हुए कहा कि पुण्यतिथि के अवसर पर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। एसपी ने कहा कि चिकित्सा सेवा और रक्तदान जैसे कार्य समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिलता है और समाज में सेवा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि समाजसेवी शिवदयाल सिंह की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुण्यतिथि के अवसर पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। चिकित्सा शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। 25 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अन्य लोगों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए आगे आने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान एचडी अल्ट्रासाउंड के संचालक डॉ. मंटू कुमार मेहता, डॉ. अपराजिता कुमारी, डॉ. अभिनव, डॉ. अभिषेक बॉस, डॉ. पूजा, अभिषेक बजाज, दधपी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र कुमार उर्फ टून मेहता, अनिल कुमार सिंह सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से चिकित्सा सेवा और रक्तदान को जोड़कर समाजसेवी शिवदयाल सिंह की स्मृति को जनसेवा से जोड़ा गया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles