![]()
शेखपुरा जिले में सावन की पहली सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया। जिले के सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालु ‘बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए शिवलिंग पर जलाभिषेक करने में जुटे रहे। इस दौरान भगवान शिव को बेलपत्र और पुष्प भी अर्पित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित गिरहिंडा पहाड़ पर महाभारतकालीन ऐतिहासिक बाबा कामेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं, बरबीघा प्रखंड के कुषेढ़ी गांव स्थित बाबा पंचबदन स्थान में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए इस वर्ष सरकार ने पंचबदन स्थान पर श्रावणी मेला उत्सव को राजकीय स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिला प्रशासन ने बाबा कामेश्वरनाथ मंदिर और पंचबदन स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह पंचबदन स्थान शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए पटना जिले के बाढ़ स्थित गंगा घाट से कांवर में जल लेकर कांवरिया भी पहुंचने लगे हैं। पूजा स्थलों के निकट किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। धार्मिक ग्रंथों और हिंदू मान्यताओं में सावन की पहली सोमवारी का विशेष महत्व है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग जलाभिषेक, बेलपत्र चढ़ाने के साथ-साथ उपवास भी रखते हैं। पूर्व विधायक विजय सम्राट भी कामेश्वरनाथ मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे।

