Sunday, July 26, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सहरसा में सरकारी ठेकेदार को गोली मारी:बेटा बोला- शराब माफियाओं ने की फायरिंग, उत्पाद विभाग को सूचना देने का आरोप लगाया


सहरसा शहर के पशुपालन कॉलोनी में शनिवार शाम एक सरकारी भवन निर्माण ठेकेदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल ठेकेदार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान नगर निगम के वार्ड संख्या-12 निवासी 54 वर्षीय दिनेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। वे सहरसा में विभिन्न सरकारी भवनों के निर्माण कार्य का ठेका लेते हैं। गोली उनके दाहिने हाथ के बाजू में लगी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना देने का आरोप लगाया
घायल के पुत्र हरितेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उत्पाद विभाग की टीम पशुपालन कॉलोनी में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के बाद टीम वापस लौट गई। हरितेश के अनुसार, उनके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, जो आने-जाने वालों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करता है। हरितेश का आरोप है कि छापेमारी के बाद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े रोशन कुमार ने उन पर उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना देने का आरोप लगाया। रोशन कुमार और उसके साथियों ने उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उनके पिता दिनेश प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपितों ने उन पर गोली चला दी, जो उनके दाहिने हाथ में लगी। ठेकेदार को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल ठेकेदार को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि ठेकेदार को गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि शनिवार की शाम 7:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। मामले में जांच व कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles