सहरसा सदर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक स्थित एक किराए के मकान में विवाहिता सोनी कुमारी (35) की हत्या के मामले में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका की मां लीला देवी के बयान पर पति सोनू शर्मा और उसके सहयोगी अनसी दास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। यह प्राथमिकी मृतका की मां लीला देवी (पति स्वर्गीय उमेश दास, निवासी बाबाजी चौक, गंगजला) ने दर्ज कराई है। शुक्रवार को हुई वारदात के बाद लीला देवी अपनी बेटी के दाह-संस्कार और अन्य रीति-रिवाजों में व्यस्त थीं। अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद उन्होंने सदर थाना की महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर दिव्या कुमारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। दो मासूम बेटे बने चश्मदीद दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सोनी कुमारी के दो मासूम बेटे मोनू कुमार (6) और विवान कुमार (4) इस घटना के चश्मदीद गवाह हैं। नानी लीला देवी ने जब बच्चों से पूछताछ की, तो उन्होंने रोते हुए बताया कि उनके पिता सोनू कुमार शर्मा और उनके साथ काम करने वाले अनसी दास ने मिलकर उनकी मां को चाकू से गोदकर मार डाला। लीला देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सोनी कुमारी की शादी करीब सात साल पहले खगड़िया जिले के ठुढ़ी मोहनपुर निवासी सोनू शर्मा से हुई थी। लगभग पांच महीने पहले ही यह दंपत्ति पंचवटी चौक स्थित किराए के मकान में रहने आया था। आरोपी सोनू शर्मा यहीं गंगजला के बाबाजी रोड निवासी अनसी दास के साथ मिलकर काम करता था। किराए के मकान में मिला था शव 12 जून की सुबह करीब 6 बजे मृतका की मां को सोनी की हत्या की सूचना मिली। जब वह पंचवटी चौक स्थित किराए के मकान पर पहुंचीं, तो देखा कि उनकी बेटी का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। शव के पास से खून से सना एक चाकू भी बरामद किया गया था। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। घटना के बाद से ही आरोपी पति सोनू शर्मा और उसका सहयोगी अनसी दास दोनों फरार हैं। मामले की जांच कर रहे सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि फर्दबयान के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के मोबाइल नंबरों के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

