Monday, August 24, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सांख धाम में श्रावण की अंतिम सोमवारी पर भीड़:शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार


बेगूसराय सदर के सांख गांव स्थित प्रसिद्ध सांख धाम में श्रावण मास की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही प्राकृतिक शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित इस धाम में रजोरा, तुलसीपुर, तरैया, अझौर, परना, वनद्वार, चांदपुरा, कैथ, बरैठ, दमदमा, वनवारा और मानिकपुर सहित आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने प्राकृतिक शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अक्षत अर्पित कर सुख-शांति, समृद्धि तथा परिवार के मंगल की कामना की। मंदिर परिसर के बाहर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। फूल-माला, बेलपत्र, धूप-अगरबत्ती, प्रसाद, दूध और अन्य पूजा सामग्री की अस्थायी दुकानें सजी थीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण दुकानदारों का कारोबार भी अच्छा रहा। सांख धाम की धार्मिक महत्ता केवल श्रावण मास तक सीमित नहीं है। प्रत्येक वर्ष वसंत पंचमी के अवसर पर यहां एक विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि सच्चे मन से यहां पूजा करने पर सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर समिति के संचालक राजीव कुमार, अध्यक्ष राम कुमार, सचिव राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष श्यामदेव साह और अन्य सदस्यों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई और पूजा-अर्चना से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। समिति सदस्य आर्यन कुमार ने जानकारी दी कि 16 अगस्त से शुरू हुआ अखंड नवाह 25 अगस्त यानी कल मंगलवार को संपन्न होगा। नवाह के समापन के बाद मंदिर परिसर में एक भव्य महाहवन का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles