![]()
सीवान नगर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अब पुलिस ने प्रभावी अंकुश लगा दिया है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार की अगुवाई में तैयार की गई विशेष कार्ययोजना का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। मार्च माह में जहां बाइक चोरी की 72 घटनाएं दर्ज हुई थीं, वहीं जून तक यह संख्या घटकर महज 17 रह गई। 9 जुलाई तक केवल 4 मामले सामने आए हैं। यानी चार माह के भीतर बाइक चोरी की घटनाओं में लगभग 76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की गई
पुलिस ने इस सफलता के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सदर अस्पताल, राजेंद्र स्टेडियम, न्यायालय परिसर सहित शहर के भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर विशेष निगरानी शुरू की। इन स्थानों पर सादे लिबास और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की गई। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच, रात्रि गश्ती को और अधिक मजबूत बनाने तथा तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया। बाइक चोरी के मामलों में गिरावट आ गई
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार के कार्यभार संभालने के बाद अपराध नियंत्रण को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। पहले जहां प्रत्येक माह बाइक चोरी के 70 से 75 मामले सामने आते थे, वहीं अब इन घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि यह बेहतर पुलिसिंग, लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। एसपी ने हाल ही में शहर के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर से मां दुर्गा की प्रतिमा से हार चोरी की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नगर थाना पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर न केवल चोरी गया हार बरामद कर लिया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। सक्रिय रणनीति अब अपराधियों पर भारी पड़ रही
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार सहित पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने हेतु पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। लगातार घटती बाइक चोरी की घटनाएं और चर्चित मामलों का त्वरित उद्भेदन यह संकेत दे रहा है कि सीवान नगर थाना की सक्रिय रणनीति अब अपराधियों पर भारी पड़ रही है। इससे आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी पहले की तुलना में काफी मजबूत हुआ है।


