Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार को नई पहल:मैटरनल केयर कोऑर्डिनेशन पायलट परियोजना 3 प्रखंडों में शुरू


सीवान में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से “मैटरनल केयर कोऑर्डिनेशन पायलट” परियोजना की शुरुआत की गई है। यह पहल सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार के नेतृत्व में संचालित हो रही है। फिलहाल इस पायलट प्रोजेक्ट को जिले के तीन प्रखण्ड गोरियाकोठी, दरौंधा और सीवान सदर में लागू किया गया है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत गर्भावस्था के शुरुआती चरण में ही पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को नियमित जांच और आवश्यक परामर्श समय पर मिल सके। खासकर उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की पहचान पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे जटिलताओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया परियोजना के अंतर्गत नियमित एएनसी (एंटीनाटल केयर) जांच, सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव तथा प्रसवोत्तर देखभाल को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे और हर मां एवं नवजात को सुरक्षित देखभाल मिल सके। इसके साथ ही आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है। इससे सेवा प्रदायगी में निरंतरता बनी रहेगी और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। सभी संबंधित कर्मियों को टीमवर्क के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साप्ताहिक समीक्षा जिला कंट्रोल कमांड सेंटर के माध्यम से की जाएगी इस परियोजना की साप्ताहिक समीक्षा जिला कंट्रोल कमांड सेंटर के माध्यम से की जाएगी, जिससे कार्यों की निगरानी और प्रगति का आकलन लगातार होता रहेगा। इस पहल को सफल बनाने में जिला प्रबंधक पिरामल स्वास्थ्य बलिंद्र सिंह एवं उनकी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान बताया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि यह पायलट परियोजना जिले में सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए इस अभियान को सफल बनाएं।

Spread the love

Popular Articles