![]()
सुपौल जिले में मरौना-निर्मली मुख्य सड़क पर रतहो गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसे में 34 वर्षीय अजय सदा की मौत हो गई। अज्ञात बाइक की टक्कर से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अजय राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करते थे। इसके अलावा गांव में छोटी-सी जनरल स्टोर की दुकान भी चलाते थे। घर से मरौना जाने के दौरान हादसा मृतक की पहचान मरौना प्रखंड की गनौरा पंचायत के परसौनी गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी राम अवतार सदा के बेटे अजय सदा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अजय गुरुवार को बाइक से अपने घर से मरौना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रतहो गांव के पास एक अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अजय की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में मातम हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलने पर मरौना थानाध्यक्ष रमन भास्कर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया। हादसे के बाद अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
सुपौल में अज्ञात बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत:मरौना-निर्मली सड़क पर हादसा, राजमिस्त्री के साथ करता था मजदूरी; गांव में दुकान भी चलाता था
