![]()
सुपौल में शनिवार रात सड़क पर जा रहे युवक को काले रंग की गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर की मौत हो गई। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र में एसएच-91 पर हुई। मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर वार्ड-1 निवासी तरुण मारिक के बेटे संतोष मारिक(21) के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद संतोष को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई। अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस रात करीब 11 बजे अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने बताया कि संतोष मारिक की शादी करीब ढाई वर्ष पहले नेपाल में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और डेढ़ वर्ष का एक मासूम पुत्र है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे तथा एक बहन भी है। मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। वीरपुर SHO संजय दास ने बताया कि फरार वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजा गया है।
