![]()
लोहरदगा| जिला सेवा भारती के द्वारा चुन्नीलाल स्कूल परिसर में रविवार को 225वां निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ, डॉ. कुमुद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अवधेश मित्तल, सचिव संजय चौधरी व समाजसेवी मुकेश गुप्ता के द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित कर, वंदे मातरम् तथा भारत माता के जयघोष के साथ किया गया। शिविर में 59 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। वहीं हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, बीपी, वजन, हार्टबीट व ऑक्सीजन लेवल जैसी आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सेवा भारती की टीम के द्वारा निस्वार्थ भाव से किया जा रहा है। इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है। सेवा भारती जिला अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी का उद्देश्य समाज के जरूरतमंदों, गरीब व असहायों को सेवा प्रदान करना है। उन्हें स्वस्थ शरीर के लिए जागरूक करना है। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय पंकज, ओम प्रकाश सिंह, श्रीचंद्र प्रजापति, वार्ड पार्षद संगीता कुमारी, अवधेश मित्तल, संजय चौधरी, मिथुन तमेडा़, अतुल सर्राफ, ओम कास्यंकार, अंजलि सर्राफ, सुमन कुमार, सुप्रिया देवी, रीयाजुल अंसारी, कमला देवी, बीना उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
स्वास्थ्य शिविर में 59 लोग लाभान्वित हुए

