बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘हरे गमछे’ वाले बयान के बाद सियासत हो रही है। नेताओं की बयानबाजी के बीच अब इस मुद्दे पर गाना भी लॉन्च हो गया है, जो सोशल मीडिया पर है। “काहे यादव जी नाम बदनाम बा, यदुकुल में जन्म हुई एकड़ गुमान बा, हरिहर गमछिया यादव के शान बा…”, बोली और राजनीतिक तंज से भरे इस गाने को एसकेडी राज यदुवंशी ने तैयार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इस गाने को खूब शेयर कर रहे हैं और इसे सम्राट चौधरी के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। AI समिट में सम्राट चौधरी ने दिया था बयान दरअसल, बीते शनिवार को पटना में आयोजित AI समिट के मंच से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि पटना में करीब 4 हजार AI कैमरे लगाए गए हैं। अगर AI सिस्टम को यह निर्देश दे दिया जाए कि “हरे गमछे वाले को खोजो”, तो वह तुरंत ऐसे लोगों की पहचान कर लेगा। हालांकि, बयान के तुरंत बाद उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनका इशारा किसी खास व्यक्ति या समूह की ओर नहीं है।
सोशल मीडिया पर मीम्स-सॉन्ग सीएम के बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर ‘हरे गमछे’ को लेकर मीम्स, वीडियो और गानों की भरमार हो गई है। वायरल हो रहे इस भोजपुरी गाने को कई लोग यादव समाज और उनकी पहचान से जोड़कर देख रहे हैं। गाने के बोल में ‘हरिहर गमछिया’ को यादव समाज की शान बताया गया है। यही वजह है कि यह गाना राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बना हुआ है। तेजस्वी यादव ने भी साधा था निशाना नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के बयान पर कहा था कि यह उनकी सोच को दिखाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें समाज में नफरत फैलाने वाली हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार को बेरोजगारी, महंगाई और महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन सरकार दूसरे मुद्दों में लोगों को उलझा रही है।
रोहिणी आचार्य ने पूछे 11 सवाल रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को घेरते हुए कई सवाल पूछे। उन्होंने AI का जिक्र करते हुए ट्वीट किया कि “AI से पूछ कर देखिए, AI ये सब भी बता देता है।” इसके साथ उन्होंने 11 सवाल पूछे और एक कार्टून भी शेयर किया। सवालों में फर्जी डिग्री, अलग-अलग हलफनामों, पुराने आरोपों और राजनीतिक दल बदलने जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया। पप्पू यादव बोले- हर रंग की अपनी पहचान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरा रंग हरियाली का प्रतीक है, लाल रंग क्रांति और पीला रंग प्रेम का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि अगर रंगों को राजनीति से जोड़कर देखा जाएगा तो यह समाज के लिए ठीक नहीं होगा। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि बिहार में कई बड़े मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को काम करना चाहिए।

